
views
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जब जब चुनाव नजदीक होते हैं उससे कुछ दिन पूर्व ही भारतीय जनता पार्टी को किसान नजर आने लगते हैं। किसान सम्मान निधि की राशि चुनाव से पूर्व उनके खातों में पहुंचानी शुरू कर दी जाती है। उसके बाद खाद, बीज, बिजली की महंगाई, डीजल पेट्रोल की महंगाई से भाजपा को कोई सरोकार नहीं। आज महंगाई चरम पर है। जनता परेशान है। पूर्व मुख्यमंत्री तेजगंज में नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे।
पूरे देश की नजर इस चुनाव पर
उन्होंने कहा कि मैनपुरी के चुनाव पर पूरे देश की नजर है। भाजपा प्रवास प्रभारियों के सहारे चुनाव जीतना चाहती है। जबकि समाजवादी पार्टी मैनपुरी की जनता के सहारे यह चुनाव जीतेगी। भाजपा सरकार में महिला सुरक्षा बदतर स्थिति में है। आज महिलाएं असुरक्षित हैं। बेरोजगारी चरम पर है। अग्निवीर जैसी योजना के बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। संविधान को कमजोर करने का भाजपा प्रयास कर रही है। न तो भाजपा भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में कामयाब रही और न ही विकास कराने में कामयाब हो सकी है।
सपा की योजनाओं को चुरा रही बीजेपी
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की योजना चुराकर बीजेपी उन्हें अन्य नामों से लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि नेताजी आज भी हम सभी के दिलों में जिंदा है। कार्यकर्ता मतदाता सूचियों का निरीक्षण कर शत प्रतिशत मतदान करें। कोई भी मतदाता मतदान से छूटना नहीं चाहिए। इस मौके पर पूजा सरोज, अरविंद सिंह उर्फ महेश सिंह प्रधान, हरेंद्र सिंह, विजेता यादव, अनीता यादव, उमेश यादव, गजराज यादव, प्रद्युम्न यादव, ज्योतिस्ना यादव, विवेक यादव, रजनी यादव मौजूद रहे।
डिंपल यादव ने किया जनसंपर्क
सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने अपने समर्थन के लिए क्षेत्र में नुक्कड़ सभाएं कीं। उन्होंने कुसमरा में जनसभा को संबोधित कर कहा कि यह चुनाव नेताजी को श्रद्धांजलि देने का चुनाव है। नेता जी ने हमेशा जातिवाद से उठकर इस जनपद के लिए कार्य किया था। सपा सरकार में क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। इस मौके पर पूर्व सांसद तेजप्रताप सिंह यादव, विधायक ब्रजेश कठेरिया, संध्या कठेरिया, चेयरमैन संजय गुप्ता, पूर्व जिपं सदस्य नरेंद्र सिंह यादव, गगन यादव प्रधान मौजूद रहे।
Comments
0 comment