Cybercrimes In India:पांच फीसदी बढ़े सायबर क्राइम, तेलंगाना, यूपी, कर्नाटक आगे
Cybercrimes In India:पांच फीसदी बढ़े सायबर क्राइम, तेलंगाना, यूपी, कर्नाटक आगे
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2021 में कुल 52,974 सायबर क्राइम के केस दर्ज हुए, जबकि 2020 में इनकी संख्या 50,035 थी। इस तरह इसमें 2021 में पांच फीसदी बढ़ोतरी हुई, जबकि 2019 के 44,735 केस के मुकाबले 15 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई।

देश में सायबर क्राइम के मामलों में पिछले साल पांच फीसदी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। चिंताजनक यह है कि इनसे संबंधित एक तिहाई मामलों में ही आरोप पत्र दायर किए जा सके। एनसीआरबी रिपोर्ट 2021 से यह जानकारी मिली है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2021 में कुल 52,974  सायबर क्राइम के केस दर्ज हुए, जबकि 2020 में इनकी संख्या 50,035 थी। इस तरह इसमें 2021 में पांच फीसदी बढ़ोतरी हुई, जबकि 2019 के 44,735 केस के मुकाबले 15 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई। 

पिछले साल दर्ज सायबर क्राइम के मामलों के अनुसार 70 फीसदी से ज्यादा केस तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र व असम में दर्ज किए गए। एनसीआरबी की रिपोर्ट 'क्राइम इन इंडिया 2021' में यह जानकारी दी गई है। देश में तमाम तरह के अपराधों के आंकड़े राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो यानी एनसीआरबी रखता है। ब्यूरो केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्य करता है। रिपोर्ट के अनुसार प्रति लाख आबादी के मान से देखें तो 2021 में सायबर क्राइम की दर 3.9 फीसदी रही। 

 

एक तिहाई मामलों में ही जांच पूरी हुई

एनसीआरबी के अनुसार सायबर अपराध के मामलों में चार्जशीट फाइल होने वाले मामलों की संख्या 33.8 फीसदी रही। जबकि एक तिहाई मामलों में ही पुलिस जांच पूरी हो सकी। सायबर क्राइम से जुड़े 60.8 फीसदी केस (32,230) केस में आरोपियों का लक्ष्य धोखाधड़ी करना था। इसके बाद यौन शोषण का स्थान रहा। 8.6 फीसदी (4,555) सायबर क्राइम केस इसके दर्ज किए गए। वहीं, फिरौती मांग जाने के मामले 2883 दर्ज किए गए। 

 

कहां कितने दर्ज हुए सायबर अपराध

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में, सबसे ज्यादा सायबर अपराध तेलंगाना में 10,303 में दर्ज हुए। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 8,829, कर्नाटक में 8,136, महाराष्ट्र में 5,562 और असम में 4,846 दर्ज हुए। दिल्ली में ऐसे 356 मामले दर्ज किए गए।

Comments

https://anantsamachar.com/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!