भारत के लिए कैसा रहा राष्ट्रमंडल खेल 2022, किस खेल में कितने पदक,2018 की तुलना में कैसा रहा प्रदर्शन
भारत के लिए कैसा रहा राष्ट्रमंडल खेल 2022, किस खेल में कितने पदक,2018 की तुलना में कैसा रहा प्रदर्शन
पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर रहा। ऑस्ट्रेलिया ने पहला स्थान हासिल किया। इंग्लैंड दूसरे और कनाडा तीसरे स्थान पर रहा।

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत ने कुल 61 पदक जीते हैं। इसमें 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल हैं। इससे पहले 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने कुल 66 पदक जीते थे। स्वर्ण पदक की संख्या में सिर्फ चार पदक की कमी हुई है, जबकि 2018 में शूटिंग से सात स्वर्ण पदक मिले थे। इस बार भारत ने लॉन बॉल, एथलेटिक्स जैसे खेलों में बेहतर प्रदर्शन किया और पैरा एथलीटों ने भी कमाल किया। पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर रहा। ऑस्ट्रेलिया ने पहला स्थान हासिल किया। इंग्लैंड दूसरे और कनाडा तीसरे स्थान पर रहा।

 

कुश्ती- 12 पदक

कुश्ती हमेशा से ही भारत के लिए सबसे मजबूत खेल रहा है। ओलंपिक से लेकर कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों तक हर बड़ी प्रतियोगिता में पदक लाने के मामले में हमारे पहलवान सबसे आगे रहते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ। भारत के 12 पहलवानों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया और सभी ने पदक जीता। पिछली बार भी भारत को कुश्ती में 12 पदक मिले थे।

 

वेटलिफ्टिंग- 10 पदक

भारत को वेटलिफ्टिंग में भी हमेशा से ही भरपूर पदक मिलते रहे हैं और इस बार भी ऐसा ही हुआ। इस बार भारत ने वेटलिफ्टिंग में तीन स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जीते। 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को वेटलिफ्टिंग में नौ पदक मिले थे, लेकिन स्वर्ण पदक की संख्या पांच थी, जो इस बार घटकर तीन रह गई।

 

एथलेटिक्स- 8 पदक

एथलेटिक्स में इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने कमाल किया। भारत ने कुल आठ पदक जीते, जिनमें एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल थे। पिछली बार भारत को एथलेटिक्स में कुल तीन पदक मिले थे।

 

बॉक्सिंग- 7 पदक 

बॉक्सिंग में भी इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने कमाल किया। भारत ने सात पदक जीते। 2018 में भारत को बॉक्सिंग में नौ पदक मिले थे। 2018 में भारत ने तीन रजत, तीन कांस्य और तीन ही स्वर्ण पदक जीते थे। 

 

टेबल टेनिस- 7 पदक

भारत ने इस बार टेबल टेनिस में भी सात पदक जीते। इसमें चार स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल थे। वहीं, 2018 में भारत को इस खेल में आठ पदक मिले थे। इसमें तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक शामिल थे।

 

बैडमिंटन- 6 पदक

बैडमिंटन में इस बार भारत ने कुल छह पदक जीते। इसमें तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल थे। भारत ने तीनों स्वर्ण कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के आखिरी दिन जीते। पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन के अलावा सात्विक-चिराग की जोड़ी ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, पिछली बार भी भारत को इस खेल में छह पदक मिले थे।

 

जूडो- 3 पदक

भारत ने इस बार जूडो में कुल तीन पदक जीते। इसमें दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल है। खास बात यह है कि पिछली बार भारत को इस खेल में कोई पदक नहीं मिला था।

 

लॉन बॉल- 2 पदक

भारत ने इस बार लॉन बॉल में दो पदक जीते। इस खेल के इतिहास में पहली बार भारत को पदक मिले। इससे पहले भारत कभी भी लॉन बॉल में पदक नहीं जीत पाया था। हालांकि, इस बार पहले महिला टीम ने कमाल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 

 

हॉकी- 2 पदक

टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके बाद पुरुष टीम ने रजत पदक जीता। हालांकि, दोनों टीमों को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भारत को अपने राष्ट्रीय खेल में स्वर्ण पदक जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया से पार पाना होगा। 2018 में भारत को हॉकी में कोई पदक नहीं मिला था। इस लिहाज से इस बार का प्रदर्शन बेहतर है। 

 

स्क्वैश- 2 पदक

भारतीय टीम ने इस बार स्क्वैश में दो पहक हासिल किए। दोनों कांस्य पदक थे। सौरव घोषाल और दीपिका पल्लीकल ने अच्छा खेल दिखाया और देश को पदक दिलाए। पिछली बार भी भारत को इस खेल में दो पदक मिले थे, लेकिन दोनों रजत पदक थे। इस लिहाज से भारत का प्रदर्शन कमजोर हुआ, लेकिन युवा अनहत ने अपने खेल से कई उम्मीदें आई हैं। 

 

पैरा पावरलिफ्टिंग- 1 पदक

इस बार भारत ने पैरा पावरलिफ्टिंग में भी एक पदक जीता। सुधीर ने कमाल करते हुए देश को पदक दिलाया। पिछली बार पैरा खेलों में भारत को कुल एक पदक मिला था। हालांकि, यह कांस्य पदक था। इस बार स्वर्ण जीतना भारत के लिए सुखद रहा। 

 

क्रिकेट- 1 पदक

कॉमनवेल्थ खेलों में पहली बार महिला क्रिकेट को शामिल किया गया था और भारत ने रजत पदक जीता। हालांकि, फाइनल में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन जिस तरह से भारतीय टीम खेली वह शानदार था। अब आने वाले समय में भारतीय टीम से स्वर्ण की उम्मीद होगी। 

Comments

https://anantsamachar.com/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!