पुलवामा में दो आतंकियों को मार गिराने वाले लांस नायक देवेंद्र प्रताप कीर्ति चक्र से सम्मानित
पुलवामा में दो आतंकियों को मार गिराने वाले लांस नायक देवेंद्र प्रताप कीर्ति चक्र से सम्मानित
मिर्जापुर जिले के नेवादा गांव निवासी लांस नायक देवेंद्र प्रताप सिंह को उनकी असाधारण वीरता के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कीर्ति चक्र अवार्ड से सम्मानित किया है।

यूपी के मिर्जापुर जिले के नेवादा गांव निवासी लांस नायक देवेंद्र प्रताप सिंह को उनकी असाधारण वीरता के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कीर्ति चक्र अवार्ड से सम्मानित किया। इसकी जानकारी मिलते ही उनके घर गांव सहित जिले में खुशी की लहर व्याप्त हो गई। देवेंद्र प्रताप सिंह इस समय पंजाब में 90 आर्म्ड फोर्स की बटालियन में लांस नायक के पद पर तैनात हैं।

29 जनवरी 2022 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा स्थित भारत-पाकिस्तान की सीमा पोस्ट पर 55 राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन में नायक के पद पर उनकी तैनाती थी। उसी दौरान देवेंद्र ने आतंकवादियों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में भारतीय सैनिकों के ऊपर घातक ग्रेनेड से हमला करने वाले एक आतंकवादी को गोलियों से भून दिया था।

 

साथ ही पलक झपकते ही हमला कर भाग रहे दूसरे आतंकवादी को भी उन्होंने मार गिराया था। मुठभेड़ के दौरान उत्कृष्ट कर्तव्य निष्ठा के साथ अदम्य साहस और अद्वितीय शौर्य का प्रदर्शन करते हुए लांस नायक देवेंद्र प्रताप सिंह ने आतंकवादियों को मौत के घाट उतार कर सेना सहित देश का मान बढ़ाया था।

 

ननिहाल में रहकर पूरी की पढ़ाई

लांस नायक देवेंद्र हलिया विकास खंड के नेवादा गांव निवासी इंद्रबहादुर सिंह के बड़े सुपुत्र हैं। प्रारंभ से लेकर अंत तक की शिक्षा दीक्षा उन्होंने रीवा मध्यप्रदेश स्थित अपने ननिहाल से पूरी की थी। लांस नायक देवेंद्र प्रताप सिंह विद्यार्थी जीवन से ही देश की रक्षा के लिए सेना में भर्ती होने के लिए उत्सुक थे।

बीएसी की पढ़ाई के दौरान ही वे सेना में भर्ती हो गए थे। अपने बेटे को राष्ट्रपति के हाथों कीर्ति चक्र अवार्ड मिलने की जानकारी मिलने के बाद पिता इंद्र बहादुर सिंह सहित पूरे नेवादा गांव और क्षेत्र के लोग अपने-आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

Comments

https://anantsamachar.com/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!