MP Santokh Chaudhary: सांसद के निधन से पंजाब कांग्रेस में शोक, मोदी ने दी श्रद्धांजलि
MP Santokh Chaudhary: सांसद के निधन से पंजाब कांग्रेस में शोक, मोदी ने दी श्रद्धांजलि
शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जालंधर के सांसद संतोख चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उनके निधन के बाद भारत जोड़ो यात्रा को रविवार तक रोक दिया गया है।

सांसद संतोख चौधरी के निधन से पंजाब कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं विपक्षी दलों ने उन्हें एक सच्चा राजनेता बताया। पीएम नरेंद्र मोदी ने चौधरी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्हें पंजाब के लोगों की सेवा करने के उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति। चौधरी का रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

वहीं राहुल गांधी ने कहा कि श्री संतोख सिंह चौधरी जी के अकस्मात निधन से स्तब्ध हूं। वो जमीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मज़बूत स्तम्भ थे, जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा को समर्पित किया। शोकसंतप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

 

सोनिया गांधी ने संतोख चौधरी की पत्नी को लिखा पत्र 

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी की पत्नी कमलजीत कौर को पत्र लिखकर शोक जताया। सोनिया गांधी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में मैं आपके और आपके पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।

 

कांग्रेस अध्यक्ष बोले-चौधरी का जाना पार्टी के लिए बड़ा झटका

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारे सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ा झटका है। दुख की इस घड़ी में मेरा दिल उनके परिवार, दोस्तों और फॉलोअर्स के साथ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

 

दिल्ली और पंजाब के सीएम ने जताया शोक

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूं.. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने शोक जताया। केजरीवाल ने कहा कि संतोख चौधरी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उसके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि जालंधर से लोकसभा सांसद संतोख सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन में जनहित के मुद्दों पर वे सदैव मुखर रहे। सदन में अनुशासन से अपनी बात रखना उनके व्यक्तित्व की खासियत थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

Comments

https://anantsamachar.com/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!