UP: हापुड़ में CM योगी बोले- पिछले छह वर्ष में यूपी में नहीं हुआ कोई दंगा
UP: हापुड़ में CM योगी बोले- पिछले छह वर्ष में यूपी में नहीं हुआ कोई दंगा
2017 के पहले के उत्तर प्रदेश को याद करें, वो दंगा प्रदेश था। पिछले 6 वर्ष में कोई दंगा नहीं हुआ।

सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश विकास की नई ऊंचाईयों को छू रहा है। जल्द ही रेपिड रेल गाजियाबाद से हापुड़ होते हुए मेरठ को जोड़ेगी। जनपद विकास के पथ पर अग्रसर है, इसके लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने मंच से माफियाओं और विरोधियों पर भी जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित एसएसवी इंटर कालेज में नगर निकाय चुनाव के लिए चारों सीटों के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार प्रसार के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यहां दूसरे चरण में 11 मई को मतदान होना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेशेवर अपराधियों और माफियाओं के हाल तो आप देख ही रहे हैं। प्रदेश की जनता सुरक्षित है। परिवादी और तमंचावादी परेशान हैं। आप 2017 से पहले के प्रदेश को याद करें तो पहले पर्व और त्यौहार से पहले कफ्र्यू लग जाता था, आज धूमधाम से कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। 2017 से पहले प्रदेश दंगा प्रदेश था। लेकिन पिछले छह वर्ष में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। पहले व्यापारियों से रंगदारी मांगी जाती थी, धमकियां दी जाती हैं। आज आम आदमी सीना तानकर चलता है और अपराधी और माफिया तख्ती डालकर चलते हैं। आज व्यापारियों को रंगदारी देनी नहीं पड़ती। हमने व्यापारी कल्याण बोर्ड के माध्यम से दस लाख का बीमा दिया है। अपराधी सिर झुकाकर चलते हैं और जान की भीख मांगते हैं।

 

बदल रहा उत्तर प्रदेश

अब उत्तर प्रदेश पहले वाला उत्तर प्रदेश नहीं है, वह पूरे देश का पेट भरने की सामर्थ रखता है। आज उत्तर प्रदेश अपनी अलग पहचान बना रहा है। प्रदेश का नागरिक आज बाहर जाता है गर्व से सीना तानकर कहना है कि मैं उत्तर प्रदेश का नागरिक हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन को प्रदेश में लागू करके विकास किया है। 2017 से पहले हमारे नगरों में कूड़े के ढेर लगे रहते थे, शोहरों का आतंक था। लेकिन आज हमारे शहर स्मार्ट सिटी बन गए हैं। विरोधियों ने युवाओं के हाथों में तमंचा थमाया था, हमने टेबलेट दिए हैं।

Comments

https://anantsamachar.com/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!