हिंद महासागर में चीनी जहाज के साथ डूबे 39 लोग; भारतीय नौसेना ने मदद के लिए भेजा P8I विमान
हिंद महासागर में चीनी जहाज के साथ डूबे 39 लोग; भारतीय नौसेना ने मदद के लिए भेजा P8I विमान
चीन ने भारत के अलावा कई अन्य देशों से भी मदद की गुहार लगाई है। चीनी सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन को दो लोगों के शव मिले हैं।

चीन की गुहार पर भारत ने एक बार फिर दरियादिली दिखाई है। चीनी नागरिकों को बचाने के लिए भारतीय नौसेना ने समुद्र में एक बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है। जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले मछली पकड़ने वाला एक चीनी जहाज लू पेंग युआन यू 028  हिंद महासागर में ड़ूब गया था। इस जहाज पर 39 लोग सवार थे। चीन ने काफी प्रयास किए लेकिन वह अपने नागरिकों को खोज नहीं पाया। जिसके बाद उसने भारतीय नौसेना से मदद की मांग की। चीन के आग्रह पर भारत ने बुधवार को त्वरित मानवीय कार्रवाई करते हुए अपने विमान P8I को तैनात किया है। हिंद महासागर में डूबे चीनी जहाज के चालक दल में चीन, इंडोनेशिया और फिलीपींस के नागरिक शामिल थे। 

भारतीय नौसेना ने इसके बारे में जानकारी दी। नौसेना ने बताया कि भारतीय नौसेना ने 17 मई को दक्षिणी हिंद महासागर क्षेत्र में भारत से लगभग 900 समुद्री मील दूर अपने P-8I को तैनात किया है। नौसेना ने यह भी बताया कि P8I विमान ने प्रतिकूल मौसम के बावजूद व्यापक खोज की है। साथ ही संभवतः डूबे हुए जहाज से संबंधित कई वस्तुओं का पता लगाया है। साथ ही चीन के आग्रह पर  भारतीय विमान द्वारा एसएआर उपकरण को घटनास्थल पर तैनात किया गया था। 

 

समुद्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विश्वसनीय और जिम्मेदार भागीदार के रूप में भारत ने अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। भारतीय नौसेना इकाइयों ने क्षेत्र में अन्य इकाइयों के साथ एसएआर प्रयासों का भी समन्वय किया और घटना स्थल पर जाने वाले पीएलए (एन) युद्धपोतों को निर्देशित किया।

बताया जा रहा है कि चीन ने भारत के अलावा कई अन्य देशों से भी मदद की गुहार लगाई है। चीनी सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन को दो लोगों के शव मिले हैं। हालांकि उसने मृतकों की पहचान जारी नहीं की है। 

 

राहत सामग्री लेकर सूडान रवाना हुआ भारतीय वायुसेना का विमान

इस बीच, भारतीय वायु सेना का एक सी-17 विमान 24,000 किलोग्राम राहत सामग्री लेकर सूडान के लिए रवाना हुआ। वायुसेना ने इसके बारे में जानकारी दी है। सेना ने बताया कि सूडान से वापसी के दौरान विमान वहां फंसे लगभग 150  भारतीयों को भी वापस लाएगा। 

Comments

https://anantsamachar.com/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!